रायपुर : प्रदेश में बेहतर और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में कुल 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के तहत करीब 90.5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या में कमी आएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि फोरलेन सड़कों का विस्तार केवल यातायात को आसान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी मजबूत आधार देगा। इससे कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी।
कई जिलों में होंगे निर्माण कार्य
दुर्ग जिले में दुर्ग-धमधा-बेमेतरा मार्ग, स्मृति नगर से आईआईटी जेवरा सिरसा, मिनी माता चौक से ठगड़ा बांध और महाराजा चौक से बोरसी चौक तक फोरलेन सड़कें बनाई जाएंगी।

रायगढ़ में ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना, रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग, रायगढ़-लोईंग-महापल्ली मार्ग और तमनार बायपास का निर्माण किया जाएगा।
रायपुर जिले में अभनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30, राजिम मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक सड़क का उन्नयन होगा। वहीं अंबिकापुर, बिलासपुर और कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग में भी फोरलेन चौड़ीकरण किया जाएगा।
जशपुर और कबीरधाम में भी काम
जशपुर जिले में पत्थलगांव क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों का उन्नयन किया जाएगा। वहीं कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर फोरलेन विस्तार और डिवाइडर निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।

कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी। साथ ही, यात्रा का समय घटेगा और सड़क सुरक्षा में भी सुधार आएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है, जिससे संतुलित और तेज विकास सुनिश्चित हो सके।




































