BILASPUR NEWS. थाना तारबाहर पुलिस ने अनाज व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी द्वारा फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट भेजकर करीब 17 लाख 84 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार निवासी अनाज कारोबारी संदीप अग्रहरि ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भटगांव निवासी आरोपी राजेंद्र खांडेकर (32 वर्ष), संचालक अक्षांश किराना भंडार, द्वारा नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कई बार अनाज का ऑर्डर दिया गया। माल ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजे जाने के बाद आरोपी हर बार भुगतान के नाम पर मोबाइल पर फर्जी स्क्रीनशॉट भेजता रहा।

शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तिथियों में कुल 17,84,000 रुपये का अनाज भेजा, लेकिन उसके खाते में एक भी रुपये की राशि जमा नहीं हुई। मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से नकली पेमेंट स्क्रीनशॉट तैयार कर ठगी को अंजाम दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना तारबाहर पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक लैपटॉप, साथ ही राहर दाल, गेहूं और 74 कट्टी चावल बरामद किया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, एएसआई संजय शर्मा सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।





































