KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ दो जिगरी दोस्तों के शव एक ही फंदे पर पेड़ से लटकते हुए पाए गए हैं। मामला बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेला कछार का है। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए, तब उन्होंने दोनों शवों को देखा और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (27 वर्ष) और अमित माथुर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही मृतक इसी गांव के निवासी थे और शादीशुदा थे। बताया जा रहा है कि दोनों बालको पावर प्लांट में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत थे।

बुधवार से थे लापता
परिजनों ने बताया कि प्रमोद बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अमित के घर पहुँचा था, जिसके बाद दोनों ‘घूमने जा रहे हैं’ कहकर घर से निकले थे। जब देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जान-पहचान वालों से पूछताछ की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने बेला कछार के जंगल में उनके शवों को एक ही फंदे पर लटकते हुए देखा।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस आत्महत्या व हत्या, दोनों ही दृष्टिकोण से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।

रायगढ़ में भी हुई थी ऐसी ही घटना
गौरतलब है कि बीते 10 मार्च को रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी, जहाँ दो दोस्तों ने जन्मदिन मनाने के बाद एक ही साड़ी के फंदे से लटककर अपनी जान दे दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और समाज की चिंता बढ़ा दी है।





































