SARGAON NEWS. छत्तीसगढ़ में जमीन के सौदों में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुराने दस्तावेजों की खामियों का फायदा उठाकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया गया। सरगांव पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जमीन का दोबारा सौदा कर रकम हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। हालांकि कागज बनाने वाले अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। मामला तब सामने आया जब बिलासपुर निवासी सुनील छाबड़ा ने थाना सरगांव में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह डी.आर.एस. फार्म्स के पार्टनर हैं और भूमि से जुड़े व्यवसाय में सक्रिय हैं। कुछ समय पहले उनके परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर छगनलाल वर्मा से कराई गई, जिसके बाद जमीन से जुड़े राजस्व कार्यों की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई थी। इसी दौरान वर्ष 2022 में एक इकरारनामा कर छगनलाल वर्मा को तहसील, पटवारी, नामांतरण और सीमांकन जैसे सभी कार्य सौंप दिए गए।

इसके बाद आरोपी ने मुंगेली जिले के ग्राम मडकू स्थित एक जमीन का सौदा करवाया और मई 2023 में उसे फर्म के नाम पर पंजीकृत भी करा दिया। जांच में बड़ा खुलासा तब हुआ जब इस जमीन पर एक अन्य व्यक्ति ने आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया कि यह जमीन उसके पिता द्वारा वर्ष 1975 में ही खरीदी जा चुकी थी, लेकिन नामांतरण नहीं हो पाया था। इसी खामी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने मूल जमीन मालिक के साथ मिलकर दोबारा उसी जमीन का सौदा कर दिया।

इसके साथ ही फर्जी कागजों से जमीन का नामांतरण भी करवा लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड तैयार कर सुनियोजित तरीके से पूरी साजिश को अंजाम दिया और लगभग 15 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ने खुद इस बात को स्वीकार किया कि उसने विक्रय प्रक्रिया में साक्षी बनकर रकम प्राप्त की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं। 31 मार्च 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई ने जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के एक बड़े तरीके को उजागर किया है, जहां पुराने रिकॉर्ड की कमजोरियों का फायदा उठाकर धोखाधड़ी की जा रही थी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, ताकि इस तरह के संगठित फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।




































