BILASPUR NEWS. शहर में एक ग्राहक के साथ कथित आर्थिक अन्याय का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राहक पारस पटेल ने PC Jewellers से खरीदी गई हीरे की अंगूठी वापस की थी। आरोप है कि अंगूठी लौटाने के बाद उन्हें उसका उचित मूल्य नहीं दिया गया। इसको लेकर ग्राहक ने आपत्ति जताते हुए न्याय की मांग की और सराफा एसोसिएशन से संपर्क किया।


मामले को संज्ञान में लेते हुए कमल सोनी ने इसे उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी द्वारा ग्राहक को उचित भुगतान नहीं किया जाता है, तो यह न केवल अनुचित व्यापारिक व्यवहार है, बल्कि इससे ग्राहकों के भरोसे को भी ठेस पहुंचती है।

इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में पीड़ित ग्राहक को उसका उचित भुगतान दिलाने की भी बात कही गई है।
इस घटनाक्रम के बाद सराफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। व्यापारियों और ग्राहकों के बीच पारदर्शिता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं कि सच्चाई क्या सामने आती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।



































