DANTEWADA NEWS. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम रजा उसमानी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ने की बात कही है। जानकारी के अनुसार उसमानी ने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष को भेज दिया है। इस संबंध में PCC प्रभारी सचिव बी. संपत ने फोन पर जानकारी देते हुए इस्तीफे की पुष्टि की है।

बता दें कि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस में अभी संगठन सृजन अभियान चल रहा है। इसके तहत विभिन्न रिक्त पदों के भरे जा रहे हैं। ऐसे समय में जिला अध्यक्ष का पद छोड़ना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव ने दिया था इस्तीफा
इसके पहले भी छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आई थी। पिछली फरवरी में जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने यह इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र सौंपा था।

इस्तीफे में निवेदिता चटर्जी ने संगठन में लंबे समय से उपेक्षा और जिम्मेदारी न मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने पत्र में लिखा है कि पिछले 11 वर्षों से वे पार्टी के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई ठोस जिम्मेदारी या अवसर नहीं दिया गया।

निवेदिता चटर्जी ने अपने इस्तीफे में लिखा कि वह वर्ष 2014 से लगातार PCC सचिव के पद पर बनी रहीं, जबकि उनके सामने कई नेता ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक और सांसद बने और बाद में प्रदेश अध्यक्ष जैसे बड़े पदों तक पहुंचे। उन्होंने लिखा कि मेरे सामने दीपक बैज ब्लॉक अध्यक्ष बने, विधायक बने, सांसद बने और अंततः प्रदेश अध्यक्ष भी बने, लेकिन मैं 2014 से आज तक सचिव ही रह गई।





































