KORBA NEWS. सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस डी बंगला रोड स्थित उद्योग मंत्री और सांसद के बंगले के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि पंप हाउस निवासी एक युवती निजी अस्पताल की लैब में नर्स के रूप में कार्यरत है। वह रोज की तरह शुक्रवार को अपने घर से पैदल निहारिका स्थित लैब में ड्यूटी पर जा रही थी। इसी दौरान पंप हाउस रोड पर मंत्री और सांसद के बंगले के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे और पीछे से युवती पर चाकू से हमला कर दिया। हमला करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

हमले के बाद युवती ने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई और अपने एक दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और गंभीर हालत में युवती को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर रवाना हुआ, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पैदल काम पर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से चाकू से हमला किया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल युवती हमलावरों की पहचान नहीं कर पाई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




































