TEHRAN NEWS. पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर पहुँच गया है। ईरान ने इजराइल के खिलाफ अपनी आक्रामकता बढ़ाते हुए 83वीं बार मिसाइल हमला किया है। इस हमले की सबसे चौंकाने वाली बात मिसाइलों पर लिखे संदेश रहे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के हवाले से आई खबरों के मुताबिक, ईरानी सैनिकों ने इजराइल पर दागी जाने वाली मिसाइलों पर “थैंक्यू इंडिया” और “थैंक्यू पीपल ऑफ इंडिया” जैसे संदेश लिखे थे।

ईरान ने स्पष्ट किया है कि मिसाइलों पर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान, स्पेन और जर्मनी के नाम भी लिखे गए थे। ईरान के अनुसार, यह उन देशों और वहां की जनता के प्रति आभार जताने का एक तरीका है, जिन्होंने इस संघर्ष के दौरान ईरान के रुख का समर्थन किया है।


अमेरिकी ठिकानों को भी बनाया निशाना
IRGC के मुताबिक, इस 83वें स्ट्राइक में लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलों के साथ-साथ घातक ड्रोन्स का भी इस्तेमाल किया गया। हमले का दायरा केवल इजराइल तक सीमित नहीं रहा; खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। दावा किया जा रहा है कि बहरीन में स्थित पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े एक ठिकाने पर भी सटीक हमला किया गया है।

ट्रंप की 48 घंटे की मोहलत
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय दबाव भी बढ़ता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे की मोहलत दी है। ट्रंप ने ईरान से हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खोलने की मांग की है, अन्यथा ईरान के पावर प्लांट्स और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।





































