BILASPUR NEWS. सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ तोरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में दबिश देकर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है, जो अश्लील वीडियो बनाकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।

प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया गया। आरोपियों ने झांसे में लेकर उनका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे। बदनामी के डर से पीड़ित ने आरोपियों के बताए यूपीआई आईडी पर अलग-अलग किश्तों में कुल 1,50,400 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी (शहर) पंकज पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी की लोकेशन नोएडा (उत्तर प्रदेश) में मिली।

नोएडा में दबिश, सरगना गिरफ्तार
थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली-नोएडा पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी की और गिरोह के मुख्य आरोपी गुरजीत कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है और नोएडा के सेक्टर-07 में रहकर इस ठगी गिरोह का संचालन कर रहा था।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 25 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनजान वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।




































