AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक निगमकर्मी को झांसे में लेकर नकली सोने का बिस्किट थमाने और बदले में 200 ग्राम असली जेवर व 15 लाख रुपये नकद ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सरगुजा पुलिस ने तकनीकी मदद और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घेराबंदी करते हुए गुजरात के राजकोट और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 लाख 31 हजार रुपये नकद और करीब 100 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी निगमकर्मी के घर पिछले कई वर्षों से मंजू नामक महिला घी बेचने आती थी, जिससे उसका परिवार पर भरोसा बढ़ गया था। होली के त्यौहार से पहले मंजू ने निगमकर्मी को झांसा दिया कि उसके घर में शादी है और उसे गहनों की तत्काल जरूरत है। उसने निगमकर्मी को 500 ग्राम वजन का एक ‘सोने का बिस्किट’ दिया और बदले में निगमकर्मी की बेटी की शादी के लिए रखे 200 ग्राम के जेवर (हार, कंगन, अंगूठी, टॉप्स) और 15 लाख रुपये नकद ले लिए।

जांच में खुला राज, पुलिस ने दी दबिश
आरोपियों के जाने के बाद जब निगमकर्मी ने सुनार से बिस्किट की जांच कराई, तो वह नकली निकला। इसके बाद कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपियों का पीछा करते हुए गुजरात और प्रयागराज पहुंची।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने राजकोट से मंजू राठौर (44 वर्ष) और संतोष राठौर (45 वर्ष) को पकड़ा, जिनके पास से 7.78 लाख रुपये और 50 ग्राम सोना मिला। उनकी निशानदेही पर प्रयागराज से सुनीता गुजराती (35 वर्ष) और कमला गुजराती (45 वर्ष) को हिरासत में लिया गया, जिनसे 12.53 लाख रुपये और 50 ग्राम सोना बरामद हुआ।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ठगी के बाकी जेवर प्रयागराज के एक सुनार को बेच दिए थे, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। फिलहाल चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।





































