DUBAI NEWS. मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग के 20वें दिन सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर के महत्वपूर्ण तेल एवं गैस ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध की लपटें तेज होने की आशंका गहरा गई है।

ताजा घटनाक्रम में सऊदी अरब के यनबू पोर्ट पर स्थित सैमरेफ (Samref) ऑयल रिफाइनरी पर जोरदार हवाई हमला हुआ है। गौरतलब है कि हॉर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के बंद होने के बाद से सऊदी अरब का अधिकांश तेल निर्यात इसी यनबू पोर्ट के जरिए किया जा रहा था। इस हमले का सीधा असर वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़ने की संभावना है।


ड्रोन हमलों से थर्राए UAE और कतर
सऊदी के साथ-साथ UAE और कतर के तेल-गैस प्लांट्स पर भी ड्रोन से हमले किए गए हैं। बता दें कि ईरान ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि सऊदी अरब, UAE और कतर अपने तेल ठिकानों को खाली कर दें। इन हमलों को उसी चेतावनी का हिस्सा माना जा रहा है।

सऊदी अरब की सख्त चेतावनी
इन हमलों के बाद सऊदी अरब ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सऊदी के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा हमारे देश के पास ईरान के हर हमले का जवाब देने की पूरी ताकत है। ऐसा प्रतीत होता है कि ये हमले पहले से ही सुनियोजित थे। ईरान हमारे सब्र का और इम्तिहान न ले।






































