MUNDRA PORT NEWS. अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के खतरों के बीच भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति के मोर्चे पर अच्छी खबर है। कतर से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर निकला भारतीय कैरियर जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार शाम 5 बजे सफलतापूर्वक गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुँच गया है। मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच भारत की सीमा में सुरक्षित प्रवेश करने वाला यह पहला एलपीजी जहाज है।


शिपिंग मंत्रालय के अनुसार, जहाज ‘शिवालिक’ 14 मार्च को सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को पार कर भारत की ओर रवाना हुआ था। इस क्षेत्र में जारी सैन्य गतिविधियों के बावजूद भारतीय जहाज की सुरक्षित पहुँच ने तेल और गैस आपूर्ति की चिंताओं को कम किया है। शिवालिक जहाज पर करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG लदी है, जो घरेलू उपयोग के लगभग 32.4 लाख सिलेंडरों के बराबर है।

कल पहुँचेंगे दो और बड़े जहाज
आपूर्ति को और मजबूती देने के लिए कल यानी मंगलवार को दो और महत्वपूर्ण जहाजों के मुंद्रा बंदरगाह पहुँचने की उम्मीद है

नंदा देवी: यह जहाज भी करीब 46 हजार टन LPG लेकर आ रहा है।
जग लाडकी: इस जहाज पर लगभग 81 हजार टन ‘मुरबान कच्चा तेल’ (Crude Oil) लदा है।





































