RAIPUR NEWS. चैत्र नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 19 से 27 मार्च 2026 तक चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेन सुविधाएं और अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। हर साल नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में लगने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के रूट का विस्तार किया है और एक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने का फैसला लिया है, ताकि यात्रियों को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।

19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ के बीच नई मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इन व्यवस्थाओं से रायपुर, दुर्ग और गोंदिया क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज के इलाकों से आने वाले श्रद्धालु सीधे डोंगरगढ़ उतरकर मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

जिला प्रशासन ने भी मेले को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के मुताबिक नवरात्रि के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह है कि नवरात्रि में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुरक्षित व सुगम तरीके से माता के दर्शन कर सकें।

ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन की सुविधा
68742/68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर रायपुर तक विस्तारित की जा रही है।
68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर का गोंदिया तक विस्तार किया जा रहा है।
06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।

नवरात्र में डोंगरगढ़ में रुकेंगी ये गाड़ियां
गाड़ी पहुंच छूटेगी
बिलासपुर-भगत की कोठी 9.56 9.58
भगत की कोठी-बिलासपुर 5.40 5.42
बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस 9.56 9.58
बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस 5.40 5.42
बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस 12.16 12.18
चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस 10.21 10.23
बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस 2.36 2.38
पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस 11.58 12.00
रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस 6.30 6.32
सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस 10.46 10.48

श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
- मेले के दौरान प्रशासन की ओर से कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी:
- अस्थायी मेडिकल कैंप और स्वास्थ्य सेवाएं
- श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने और पानी की व्यवस्था
- पदयात्रियों के लिए विश्राम और सहायता केंद्र
- भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल



































