NEW DELHI NEWS. ईरान और यूनाइटेड स्टेट–इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और मध्य एशिया में जारी संघर्ष का असर अब ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। इसी बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर कुछ जगहों पर अव्यवस्था की खबरों के बाद सरकार ने बुकिंग नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में अब एलपीजी सिलेंडर की अगली बुकिंग 45 दिन बाद ही की जा सकेगी, जबकि शहरी क्षेत्रों में फिलहाल बुकिंग का अंतराल 25 दिन रखा गया है।

सूत्रों के मुताबिक गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों के कारण लोग सामान्य से अधिक तेजी से सिलेंडर बुक करा रहे थे। कई उपभोक्ता 55 दिनों की जगह केवल 15 दिनों के भीतर ही दोबारा बुकिंग कर रहे थे, जिससे वितरण प्रणाली पर दबाव बढ़ने लगा था। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। इससे दो दिन पहले केंद्र सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए शहरी क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किया था।

मंत्रालय ने दी सफाई
मध्य एशिया में जारी तनाव और Strait of Hormuz के बंद होने की आशंका के चलते एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की चिंता जताई जा रही है। हालांकि Ministry of Petroleum and Natural Gas ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू रसोई गैस की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

मंत्रालय ने लोगों से घबराकर सिलेंडर बुकिंग न करने की अपील की है। मंत्रालय के अनुसार घरेलू रिफाइनरी कंपनियों ने एलपीजी उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत तक वृद्धि की है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए भारत ने कच्चे तेल और गैस के लिए वैकल्पिक स्रोतों से आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए हैं।



































