BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। रामानुजगंज विकासखंड के सुंदरपुर प्राथमिक शाला में एक संकुल समन्वयक (CAC) शराब के नशे में धुत होकर पहुँच गए। जब ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें इस हालत में देखा और विरोध किया, तो समन्वयक महोदय अपनी गलती सुधारने के बजाय डर के मारे रोने लगे और खुद को स्कूल के बाथरूम में बंद कर लिया।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे सुंदरपुर स्कूल के पास बच्चे बाहर खेलते हुए पाए गए, जबकि स्कूल के भीतर कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था। इसकी सूचना जब ग्रामीणों ने संकुल प्राचार्य को दी, तो उन्होंने पिपपान के संकुल समन्वयक जगदीश सिंह को जांच के लिए मौके पर भेजा।


जांच करने पहुँचे जगदीश सिंह खुद ही शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। उन्हें इस अवस्था में देखकर मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों को आक्रामक देख समन्वयक घबरा गए और रोते हुए बाथरूम में जाकर छिप गए। ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

अधिकारियों ने शुरू की जांच
मामला तूल पकड़ते ही बुधवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा जांच के लिए सुंदरपुर प्राथमिक शाला पहुँचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जनपद में एक कार्यशाला आयोजित थी, जिसमें कई शिक्षक शामिल होने गए थे। संकुल समन्वयक के नशे में स्कूल पहुँचने के मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





































