RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। पुसौर थाना क्षेत्र में दो घनिष्ठ दोस्तों ने एक ही साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह शासकीय माध्यमिक शाला परिसर के पास बबूल के पेड़ पर दोनों के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतकों की पहचान दीपक बरैठ (20 वर्ष) निवासी तेतला और शिवशरण सिदार (21 वर्ष) निवासी कटंगपाली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को दीपक का जन्मदिन था। रविवार रात से ही दोनों दोस्त जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। बताया जा रहा है कि चिखली बाजार क्षेत्र में दोनों ने साथ बैठकर शराब भी पी थी।

इसी दौरान देर रात दोनों स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां खड़े बबूल के पेड़ पर एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शवों पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने शराब की एक बोतल भी बरामद की है।


बताया जा रहा है कि शिवशरण पेशे से मैकेनिक था, जबकि दीपक मजदूरी करता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



































