RAIPUR NEWS. होली के त्योहार के दौरान इस बार छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। होली से एक दिन पहले 3 मार्च को प्रदेश में करीब 128 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई, जो अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक बिक्री मानी जा रही है।

आबकारी विभाग के अनुसार इससे पहले 31 दिसंबर को नए साल के मौके पर करीब 124 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी, जो उस समय तक एक दिन का सबसे बड़ा रिकॉर्ड था। हालांकि इस बार होली के अवसर पर यह रिकॉर्ड भी टूट गया।

होली के अगले दिन 5 मार्च को भी शराब की बिक्री में तेजी देखी गई। उस दिन प्रदेश में करीब 50 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई। विभाग के मुताबिक सामान्य दिनों में छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन औसतन करीब 40 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री होती है, लेकिन त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा काफी बढ़ जाता है।

होली पर घोषित रहा ड्राई डे
छत्तीसगढ़ में हर साल की तरह इस बार भी होली पर शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया गया था। हालांकि सरकार ने अपनी नई आबकारी नीति में इस साल शुष्क दिवस को हटाने का फैसला लिया था, लेकिन चौतरफा विरोध के बाद इसमें संशोधन करते हुए होली पर फिर से ड्राई डे घोषित किया गया।

इसके साथ ही सरकार ने इस वर्ष महात्मा गांधी निर्वाण दिवस और मोहर्रम के अवसर पर रहने वाले ड्राई डे को हटाने का निर्णय लिया है।





































