BILASPUR NEWS. जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मल्हार चौकी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गुरुवार सुबह लीलागर नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान ईश्वर केंवट के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता थे।

जानकारी के अनुसार, मल्हार के वार्ड नंबर 10, नंदमहल इमलीपारा के निवासी ईश्वर केंवट (59 वर्ष), पिता छोटू केंवट, बीते 2 मार्च की शाम करीब 5 बजे से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। बताया जा रहा है कि वे अग्रवाल के प्लॉट (फार्म हाउस) से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।

गुरुवार सुबह जब ग्रामीण लीलागर नदी के किनारे पहुंचे, तो उन्होंने पानी में एक लाश तैरती देखी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मल्हार चौकी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच और शव की स्थिति को देखते हुए मौत का कारण डूबना बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।





































