BILASPUR NEWS. रेलवे बोर्ड द्वारा सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेस ट्रेनों की पेंट्रीकार में खाना बनाने पर लगाए गए कड़े प्रतिबंध के बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ताजा मामला बिलासपुर रेलवे स्टेशन का है, जहाँ बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में सोमवार दोपहर को खुलेआम खाना पकते पाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब IRCTC के जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में हो रहा था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग 1.15 बजे जब राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लगी थी, तब रेलवे के आला अधिकारी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में खाना पकाए जाने की शिकायत की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मीडिया कर्मी और रेलवे अधिकारी राजधानी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए।

वहां तीन हीटरों पर भगौने चढ़े हुए थे, जिनमें चावल और दाल पक रहे थे। पास ही आलू, बैंगन और अन्य सब्जियां कटी रखी थीं। जब इस संबंध में वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बचाव में तर्क दिया कि यह भोजन यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि स्टाफ के लिए बनाया जा रहा है।

हादसों से सबक नहीं ले रहा रेल प्रशासन
बीते कुछ वर्षों में ट्रेनों में गैस सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट के कारण आगजनी की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इसी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सख्त निर्देश जारी किए थे कि पेंट्रीकार में खाना नहीं पकाया जाएगा। नियम के मुताबिक ट्रेनों में भोजन और नाश्ता केवल अधिकृत बेस किचन से ही लोड किया जाना चाहिए। पेंट्रीकार का उपयोग केवल भोजन को गर्म करने या चाय-कॉफी बनाने के लिए किया जा सकता है।

रेलवे ने थमाया नोटिस
इस गंभीर लापरवाही के बाद रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। CCI मनोज साहा और स्टेशन मास्टर ओझा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे ने इस मामले में IRCTC के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




































