NEW DELHI NEWS. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जय) के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलता है। यह सुविधा खास तौर पर अस्पताल में भर्ती (इनडोर ट्रीटमेंट) की स्थिति में लागू होती है, जिससे बड़े स्वास्थ्य खर्च का बोझ कम होता है। दरअसल, आयुष्मान कार्ड बन जाने का अर्थ यह नहीं है कि हर प्रकार का इलाज मुफ्त हो जाएगा। इस योजना मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती होने वाले उपचार पर केंद्रित है।

ऐसे में अस्पताल जाने से पहले यह जानना जरूरी है कि कौन-कौन सी सेवाएं कवर हैं और कौन-सी नहीं। यदि मरीज केवल डॉक्टर से परामर्श लेने जाता है और अस्पताल में भर्ती नहीं होता, तो उसे ओपीडी (आउटडोर पेशेंट) माना जाता है। जानकारी के अनुसार ओपीडी परामर्श शुल्क, सामान्य दवाइयां, सामान्य जांच, इनका खर्च योजना के तहत कवर नहीं होता। इनका भुगतान मरीज को स्वयं करना पड़ता है। अगर किसी व्यक्ति ने अस्पताल में भर्ती हुए बिना सिर्फ जांच या टेस्ट कराए हैं, तो उसका खर्च भी सामान्यतः योजना में शामिल नहीं होता।

हालांकि, यदि डॉक्टर की सलाह पर भर्ती होकर इलाज चल रहा है, तो उसी पैकेज के अंतर्गत संबंधित जांच का खर्च कवर हो सकता है। सामान्य थकान या कमजोरी के लिए लिए जाने वाले विटामिन टॉनिक और सप्लीमेंट्स इस योजना में शामिल नहीं हैं। केवल गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा आवश्यक बताए गए सप्लीमेंट्स ही कवर हो सकते हैं। वहीं, कैविटी भरवाना, दांतों की सफाई, सामान्य डेंटल चेकअप, ये सेवाएं योजना के दायरे में नहीं आतीं। हालांकि, दुर्घटना, ट्यूमर, सिस्ट या जबड़े में गंभीर चोट जैसी स्थिति में उपचार कवर हो सकता है।

इसी तरह, आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) और अन्य प्रजनन तकनीकों का खर्च भी आयुष्मान योजना में शामिल नहीं है। परिवार नियोजन या संतान प्राप्ति से जुड़े इलाज इस स्कीम के तहत मुफ्त उपलब्ध नहीं हैं। आयुष्मान भारत योजना गंभीर और अस्पताल में भर्ती होने वाले इलाज के लिए एक बड़ी राहत है, लेकिन हर चिकित्सा सेवा इसके अंतर्गत नहीं आती। इसलिए किसी भी उपचार से पहले संबंधित अस्पताल या हेल्पलाइन से यह स्पष्ट कर लेना जरूरी है कि वह सेवा योजना में कवर है या नहीं।

ये उपचार भी योजना के दायरे से बाहर हैं-
- कॉस्मेटिक सर्जरी
- टैटू हटाने का लेजर उपचार
- वजन घटाने की सर्जरी
- नेक लिफ्ट या नाक की सौंदर्य सर्जरी
- वैक्सीनेशन/इम्यूनाइजेशन
- केवल मेडिकल मशीनों पर निर्भर जीवन समर्थन
- 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का खतना

जानिए कौन नहीं उठा सकता लाभ?
यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनाई गई है। निम्नलिखित श्रेणियां सामान्यतः पात्र नहीं होतीं:
सरकारी कर्मचारी
आयकर दाता
ईएसआईसी लाभार्थी
संगठित क्षेत्र के कर्मचारी जिनकी सैलरी से पीएफ कटता है




































