CHENNAI NEWS. टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में गुरुवार (26 फरवरी) को भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला मुकाबला बेहद अहम हो गया है। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा बन चुका है। M. A. Chidambaram Stadium में होने वाले इस मुकाबले में जीत ही सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखेगी। सुपर-8 ग्रुप-1 में समीकरण काफी उलझे हुए हैं। दिन के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें अहमदाबाद में आमने-सामने होंगी।

भारत की नजर इस मैच के नतीजे पर भी रहेगी। यदि साउथ अफ्रीका जीतती है तो भारतीय टीम के लिए राह कुछ आसान हो सकती है। वेस्टइंडीज का नेट रनरेट +5 से ऊपर है, जबकि साउथ अफ्रीका का +3.800 के आसपास है। भारत साउथ अफ्रीका से हार के बाद -3.800 के नेट रनरेट के साथ दबाव में है। ऐसे में टीम इंडिया को न सिर्फ जीत चाहिए, बल्कि बड़े अंतर से जीत की दरकार होगी।

अहमदाबाद में दोपहर 3 बजे शुरू होने वाले वेस्टइंडीज–साउथ अफ्रीका मुकाबले के बाद चेन्नई में शाम को भारत–जिम्बाब्वे मैच खेला जाएगा। लगभग 2000 किलोमीटर दूर होने के बावजूद दोनों मुकाबलों का सीधा असर ग्रुप की तस्वीर पर पड़ेगा। अब देखना होगा कि क्या भारतीय टीम दबाव से उबरकर निर्णायक प्रदर्शन कर पाती है या टूर्नामेंट में उसका सफर यहीं थम जाता है।

इन खिलाड़ियों पर टिकी निगाहें
अभिषेक शर्मा: टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज अभिषेक शर्मा का बल्ला इस टूर्नामेंट में खामोश रहा है। चार मैचों में सिर्फ 15 रन, जिनमें तीन बार शून्य पर आउट होना शामिल है। हालांकि 2025 से अब तक उनके आंकड़े शानदार रहे हैं—30 मैचों में 1056 रन, 37.71 का औसत और 196.64 का स्ट्राइक रेट। बावजूद इसके, इस विश्व कप में पहले विकेट के लिए भारत का औसत 6.80 रहा है, जो 20 टीमों में सबसे कम है। उनके विकल्प के रूप में यशस्वी जायसवाल और युवा वैभव सूर्यवंशी जैसे नाम चर्चा में हैं।

तिलक वर्मा: नंबर-3 की अहम पोजिशन पर खेलते हुए तिलक वर्मा ने पांच पारियों में 107 रन बनाए हैं। 21.40 का औसत और 118.88 का स्ट्राइक रेट टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना शॉट पर आउट होने के बाद उनकी आलोचना भी हुई। श्रेयस अय्यर जैसे विकल्प टीम के पास मौजूद हैं।
रिंकू सिंह: फिनिशर की भूमिका में रिंकू सिंह को ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला। पांच मैचों में 29 गेंदों पर 24 रन उनके खाते में हैं। हालांकि कुछ क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि सीमित अवसरों के आधार पर उनके प्रदर्शन का आकलन करना जल्दबाजी होगी।
सूर्यकुमार यादव: कप्तान सूर्यकुमार यादव इस विश्व कप में 5 मैचों में 180 रन बना चुके हैं, जिसमें 84* का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है। लेकिन 127.65 का स्ट्राइक रेट उनके करियर स्ट्राइक रेट (162.77) से काफी कम है। यदि टीम का सफर यहीं थमता है, तो 35 वर्षीय सूर्या के टी20 भविष्य पर भी सवाल उठ सकते हैं।


































