AHMEDABAD NEWS. टी-20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला आज यानी 8 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। सबसे छोटे फॉर्मेट के आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। भारत दो बार का चैंपियन रह चुका है और चौथी बार फाइनल में पहुंचा है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड दूसरी बार खिताबी मुकाबला खेलेगा और टीम को अब तक अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार है। इससे पहले 2021 में न्यूजीलैंड को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।

टी-20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है, लेकिन विश्व कप में तस्वीर उलट है। टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की है। ये मुकाबले 2007, 2016 और 2021 में खेले गए थे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 में जीत मिली है। एक मुकाबला टाई रहा। भारत ने दो मैच सुपर ओवर में अपने नाम किए, जबकि एक मैच बारिश के कारण टाई रहा। घरेलू मैदान पर भारत का प्रदर्शन और मजबूत रहा है। यहां खेले गए 16 मुकाबलों में से 11 भारत ने जीते हैं।

भारत के पास चार बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका
तीसरा खिताब: भारत टी-20 विश्व कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन सकता है।
टाइटल डिफेंड: लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन सकता है।
होमग्राउंड पर जीत: मेजबान देश के रूप में टी-20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश बनने का मौका।
टी-20 विश्व कप से पहले जनवरी में न्यूजीलैंड टीम भारत दौरे पर आई थी। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी, जिसमें भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की। इस सीरीज में छह बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना, जबकि अंतिम मैच में भारत ने 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

भारत के लिए ईशान, संजू, बुमराह करेंगे कमाल
इस विश्व कप में ईशान किशन भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 263 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रहा है। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 मैचों में 242 रन बनाए हैं। संजू भी कमाल कर रहे हैं। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 8 मैचों में 13 विकेट लेकर टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। वे आज एक विकेट लेकर टूर्नामेंट के टॉप विकेट-टेकर बन सकते हैं। वहीं, बुमराह की शानदार गेंजबारी से भी कीवी खिलाड़ी परेशान हो सकते हैं। 
न्यूजीलैंड के लिए फिन एलन का दम
न्यूजीलैंड के लिए इस विश्व कप में फिन एलन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 289 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन है, जो उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। गेंदबाजी में रचिन रवींद्र टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं, जिन्होंने 8 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला नई पिच पर खेला जाएगा। काली और लाल मिट्टी को मिलाकर तैयार इस पिच पर स्पिन कम और पेस व बाउंस ज्यादा देखने को मिल सकता है। इससे बल्लेबाजों को फायदा मिलने की संभावना है।

बारिश की संभावन कम, फाइनल के लिए रिजर्व डे
अहमदाबाद में रविवार को काफी गर्मी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। आईसीसी ने फाइनल के लिए एक रिजर्व डे भी रखा है। यदि 8 मार्च को किसी कारण मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो 9 मार्च को मुकाबला खेला जाएगा। अगर रिजर्व डे पर भी मैच संभव नहीं हुआ तो नियमों के अनुसार दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।

ये है संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, जिमी नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन।






































