RAIPUR NEWS. माध्यमिक शिक्षा मंडल की इस वर्ष आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जुड़े विद्यार्थियों को अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। रायपुर जिले से 226 खिलाड़ियों और 78 स्काउट-गाइड विद्यार्थियों के नाम जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा अग्रेषित किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेल गतिविधियों के आधार पर कक्षा 12वीं के 118 और कक्षा 10वीं के 108 विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए जाएंगे।

वहीं, स्काउट-गाइड गतिविधियों में कक्षा 12वीं के 31 और कक्षा 10वीं के 37 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। राज्य स्तर पर कुल कितने विद्यार्थियों को बोनस अंक मिलेंगे, इसकी समेकित जानकारी अभी मंडल को प्राप्त नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार, जिलों से प्राप्त आंकड़े पहले लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे जाते हैं। वहां से अनुमोदन के बाद शिक्षा मंडल को अंतिम सूची उपलब्ध कराई जाती है।

निर्धारित नियमों के तहत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर पर 15 अंक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने पर 20 अंक तक दिए जाएंगे। एनसीसी गतिविधियों में आरडी परेड और मावलंकर शूटिंग के लिए 15 अंक, वायु, थल या नौसेना शिविर में भागीदारी पर 15 अंक तथा डी कैट शिविर के लिए 10 अंक का प्रावधान है।

स्काउट-गाइड में राज्यपाल पुरस्कार पर 10 और राष्ट्रपति पुरस्कार पर 15 अंक प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त साक्षरता कार्यक्रम या उल्लास नव भारत अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों और अनुदेशकों को अधिकतम 10 अंक तक दिए जा सकते हैं।

यह सुविधा केवल उन विद्यार्थियों को मिलेगी, जिन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया अथवा अन्य मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा प्रमाणित प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। मंडल का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों को खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।

































