BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गतौरा में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक द्वारा महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आशु कारवानी अपने परिवार के साथ अपनी जमीन का निरीक्षण करने ग्राम गतौरा पहुंचे थे। आरोप है कि वहां दूसरे पक्ष द्वारा जमीन की घेराबंदी कर दीवार का निर्माण किया जा रहा था। जब आशु कारवानी और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और गाली-गलौज के बीच मारपीट शुरू हो गई।

महिला पर बरसाए मुक्के, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में एक युवक को महिला के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इसके बाद अन्य लोगों को बुलाकर सामूहिक रूप से हमला किया गया।

तीन लोग घायल
मारपीट की इस घटना में आशु कारवानी के चेहरे, सीने और घुटने में चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी सास को भी चोट लगी है। सभी घायलों का उपचार कराया गया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































