BILASPUR NEWS. शहर के विमतारा सभागार में सरस्वती बुक्स और श्री साईनाथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती साहित्य सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में साहित्य, पत्रकारिता और उर्दू अदब के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के अंतर्गत देश के वरिष्ठ साहित्यकार रुद्रनारायण पाणीग्राही को चतुर्थ सरस्वती साहित्य सम्मान प्रदान किया गया। नेताजी आनंद सिंघानिया की स्मृति में दिए जा रहे सम्मानों की श्रृंखला में इस वर्ष सातवां साहित्य रत्न सम्मान युवा गीतकार भरत द्विवेदी को तथा प्रथम पत्रकारिता रत्न सम्मान सुप्रसिद्ध पत्रकार तृप्ति सोनी को दिया गया। वहीं मोहम्मद अज़ीम खान स्मृति प्रथम उर्दू साहित्य रत्न सम्मान युवा शायर इरफ़ानुद्दीन इरफ़ान ने प्राप्त किया।

अतिविशिष्ट अतिथियों के रूप में मंच पर साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, वरिष्ठ साहित्यकार नर्मदा नरम तथा उर्दू अकादमी की पूर्व उपाध्यक्ष नजमा अज़ीम खान उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सम्मानित साहित्यकारों व पत्रकारों को अंगवस्त्र, सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और नगद राशि प्रदान कर अलंकृत किया।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के 16 उभरते साहित्यकारों को सरस्वती नव लेखक सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दो महत्वपूर्ण परिचर्चा सत्र भी आयोजित हुए, जिनमें छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और पर्यटन पर सारगर्भित विचार रखे गए। सत्रों का संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अनिल द्विवेदी और लेखिका डॉ. शुभा मिश्रा कनक ने किया।

समारोह का शुभारंभ ‘हुनर का मंच’ के तहत काव्य, लोकगीत, गायन और श्लोक प्रस्तुतियों से हुआ, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। आयोजन समिति की ओर से आशीष राज सिंघानिया सहित अन्य साहित्यकारों ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। अंत में आकाश महेश्वरी ने अतिथियों, साहित्यप्रेमियों और मीडियाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


































