BILASPUR NEWS. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महिला हैंडबॉल टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और अदम्य आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। 18 से 21 फरवरी 2026 तक वाराणसी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
फाइनल मैच में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबला अंत तक बेहद रोमांचक बना रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में बेहतर रणनीति और मजबूत मानसिक संतुलन का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 32-29 के अंतर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर पूर्व रेलवे को 28-26 के करीबी स्कोर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

लगातार प्रयासों का ऐतिहासिक परिणाम
यह उपलब्धि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रबंधन की खेलों के प्रति दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। वर्ष 2021 से खेल को बढ़ावा देने के लिए की गई नई नियुक्तियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए गए बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाओं ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गौरतलब है कि टीम पिछले चार वर्षों से लगातार ऑल इंडिया स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही थी। पिछले चार संस्करणों में लगातार कांस्य पदक जीतने के बाद इस वर्ष टीम ने अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हुए सीधे स्वर्ण पदक जीतकर ‘चैंपियन’ का ताज हासिल किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारियों और सेक्रसा परिवार ने टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह जीत न केवल संगठन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और खेल भावना के प्रति समर्पण का भी प्रेरक उदाहरण है।
18th All India Inter Railway Competition, 18वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता, bilaspur news, Chhattisgarh News, Railway News, Railway's women's handball team, Sports News, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, women's handball team, won gold, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, महिला हैंडबॉल टीम


































