RAIPUR NEWS.छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले प्रदेश की राजनीति गरमाने लगी है। सत्तापक्ष को सदन में कड़ी चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में रविवार, 22 फरवरी को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

बैठक की अध्यक्षता विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में बजट सत्र के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी और सरकार को घेरने के प्रमुख मुद्दों पर अंतिम मुहर लगेगी।

इन मुद्दों पर बनेगी रणनीति
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस इस बार कई अहम जनहित के सवालों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है। बैठक में प्रदेश की आर्थिक स्थिति और बजट की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा चुनाव पूर्व किए गए वादों की जमीनी हकीकत, कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसानों से जुड़े खाद-बीज जैसे मुद्दों के साथ बेरोजगारी को भी प्रमुखता से उठाने की योजना है।

शाम 4 बजे से शुरू होगी बैठक
बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं नेता प्रतिपक्ष के मीडिया प्रभारी घनश्याम राजू तिवारी ने बताया कि यह बैठक रविवार शाम 4 बजे राजीव भवन में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ सदन में जनता की आवाज बुलंद करेगी।

राजनीतिक दृष्टि से भी अहम
यह बैठक केवल बजट सत्र की तैयारी तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि 2026 के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बजट सत्र में विपक्ष का तेवर और प्रदर्शन ही यह संकेत देगा कि वह आगामी चुनावों में खुद को किस तरह मजबूत विकल्प के रूप में पेश करना चाहता है। महंत, बघेल और बैज की रणनीतिक तिकड़ी इस बार सरकार को सदन में कड़ी चुनौती देने के मूड में नजर आ रही है।


































