RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत किया गया है। भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय (DoPT) द्वारा जारी आधिकारिक गजट अधिसूचना के अनुसार इन अधिकारियों को वर्ष 2024 की चयन सूची के तहत IAS कैडर में नियुक्ति प्रदान की गई है।

अधिसूचना में उल्लेख है कि यह पदोन्नति भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (नियुक्ति द्वारा पदोन्नति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। इन नियुक्तियों को राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त है। चयन 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध किया गया है।

इस चयन की खास बात यह है कि पहली बार राज्य सेवा के एक तहसीलदार स्तर के अधिकारी को भी पदोन्नत कर IAS कैडर में शामिल किया गया है। इसे राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ये अधिकारी हुए प्रमोट
IAS कैडर (2024 बैच) में शामिल किए गए अधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं— तीरथराज अग्रवाल, लीना कोसम, सौमिल रंजन चौबे, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार तिकारिहा।

गजट अधिसूचना के अनुसार, पदोन्नति केंद्र और राज्य सरकार की अनुशंसा, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रक्रिया के बाद की गई है। नियुक्त अधिकारी अब छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगे।


































