CHIRMIRI NEWS. छत्तीसगढ़ की राजनीति में जहां अक्सर आरोप-प्रत्यारोप का माहौल देखने को मिलता है, वहीं चिरमिरी से सामने आई एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी और सरलता की प्रशंसा की है।

मंदिर प्रांगण में सौहार्द का संदेश
अवसर था चिरमिरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित अखंड हरिकीर्तन और भव्य मेले का। शिवरात्रि पर्व पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।
श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ के पदाधिकारी के रूप में के. डोमरू रेड्डी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में रेड्डी ने मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व की खुलकर सराहना की।

‘अपनापन पहले से भी अधिक मधुर’
के. डोमरू रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री बेहद सादगीपूर्ण और सज्जन व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके साथ प्रसाद ग्रहण करते समय यह अनुभव हुआ कि आम लोगों के प्रति उनका अपनापन और व्यवहार पहले से भी अधिक सहज और मधुर हो गया है।

क्यों चर्चा में है यह बयान?
एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले में के. डोमरू रेड्डी को कांग्रेस का कद्दावर नेता माना जाता है। एनएसयूआई से राजनीति की शुरुआत करने वाले रेड्डी निर्दलीय महापौर भी रह चुके हैं और हाल ही में जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में उनका नाम प्रमुखता से लिया गया था।

ऐसे में कांग्रेस पृष्ठभूमि के वरिष्ठ नेता द्वारा भाजपा के मुख्यमंत्री की सार्वजनिक सराहना को राजनीतिक नजरिए से अहम माना जा रहा है। यह मुलाकात और बयान चिरमिरी की सियासत में नए समीकरणों की अटकलों को भी जन्म दे रहे हैं।


































