BILASPUR NEWS. जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नशे की लत ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। मन्नाडोल इलाके में सोमवार को एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने न केवल इलाके में दहशत फैला दी, बल्कि नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आरोपी युवक खून से सना फावड़ा हाथ में लेकर इधर-उधर घूमता नजर आया। लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को काबू में लिया।

पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वहां का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। घर के भीतर 70 वर्षीय बुजुर्ग मनराखन ध्रुव की क्षत-विक्षत लाश पड़ी थी। सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का आरोप मृतक के 40 वर्षीय बेटे नीतू ध्रुव पर है।

पैसों और नशे से जुड़ा विवाद बना वजह
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी नशे का आदी था और अक्सर पैसों को लेकर पिता से विवाद करता रहता था। आशंका है कि नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की हरकतें सामान्य नहीं लग रही थीं, इसलिए उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि नशे की लत किस तरह रिश्तों, संस्कारों और पूरे परिवार को तबाह कर देती है। इलाके में अब भी भय और सन्नाटा पसरा हुआ है।




































