RAIPUR NEWS. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने एक व्यंग्यात्मक कार्टून पोस्ट कर कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। इस कार्टून के जरिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कथित अविश्वास को दर्शाने की कोशिश की गई है।

पोस्टर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत को पार्टी की गिरती साख और भूपेश बघेल के बयानों से हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए दिखाया गया है। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अपने राजनीतिक भविष्य को बचाने में व्यस्त दर्शाया गया है। कार्टून के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि यदि पार्टी के नेता आपस में ही मतभेदों से जूझ रहे हों, तो वे प्रदेश या देश के हित में प्रभावी नेतृत्व कैसे दे पाएंगे।

भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी इस एआई-आधारित पोस्टर में भूपेश बघेल, दीपक बैज और चरण दास महंत को प्रतीकात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। यह व्यंग्य उस बयान के बाद सामने आया है, जिसमें राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के पॉडकास्ट में भूपेश बघेल ने दावा किया था कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए परोक्ष रूप से संकेत मिले थे।

इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है और कांग्रेस-भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर सियासी तकरार और भी बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।




































