BEMETARA NEWS. बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बारातियों को भोजन के समय पापड़ और बड़ा नहीं मिलने पर नाराज तीन युवकों ने खाना परोस रहे घरातियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना प्रभारी टीआई चंद्रदेव वर्मा के अनुसार, प्रार्थी दिनेश निषाद (27) निवासी ग्राम करमू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 10 फरवरी को उनके बड़े पिता की बेटी की शादी में बारात आई हुई थी। इसी दौरान भोजन के समय आरोपी अंश पासवान उर्फ धन (18) पिता मनीष पासवान, हरीश बाघ (23) पिता मोती बाघ और लुपसिंह निषाद उर्फ नानु (22) पिता रामाधार निषाद, सभी निवासी दुर्ग, बार-बार पापड़ और बड़ा मांगने की बात को लेकर विवाद करने लगे।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हत्या की नीयत से भोला राम निषाद और गजानंद निषाद पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल थान खम्हरिया में भर्ती कराया गया, जहां गजानंद निषाद की हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।

आदतन अपराधी निकले आरोपी
पुलिस पूछताछ में लुपसिंह निषाद उर्फ नानु ने बताया कि वह अपने साथी अंश पासवान और हरीश बाघ के साथ बारात में बस से ग्राम करमू आया था। भोजन के दौरान विवाद होने पर उसने अपने पास रखी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना के बाद तीनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।




































