RAIPUR NEWS. राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस विभाग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आमानाका थाना में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन तस्करी के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में एक व्यक्ति हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निगरानी के दौरान आरोपी आरक्षक को कथित तौर पर एक ग्राहक को हेरोइन सौंपते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में आमानाका थाना में पदस्थ था। मामले के उजागर होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी कब से इस अवैध गतिविधि में शामिल था और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस नेटवर्क का हिस्सा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस विभाग का कर्मचारी ही क्यों न हो। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके संभावित नेटवर्क व सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है।



































