JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के थाना नारायणपुर अंतर्गत ग्राम ढोढीपहरी (कुरुम ढोढा) में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने सब्जी पकाने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद के बाद अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कमला विश्वकर्मा और आरोपी पति स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा पिछले कुछ वर्षों से साथ रह रहे थे और उनकी एक दो साल की बेटी भी है। 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे दोनों के बीच सब्जी बनाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी स्वदेश ने आवेश में आकर पास रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे कमला की मौके पर ही मौत हो गई।

मासूम बेटी को लेकर हुआ था फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी दो वर्षीय मासूम बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और फॉरेंसिक जांच की कार्रवाई पूरी की। मृतका के पिता जेठू विश्वकर्मा की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट से आई गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना नारायणपुर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके गृह ग्राम ढोढीबहार (चौकी दोकड़ा) से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





































