AMBIKAPUR NEWS. अंबिकापुर शहर के बीचों-बीच स्थित देव होटल के पास शुक्रवार देर शाम गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होटल परिसर के बाहर अचानक दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एहतियातन देव होटल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पीछा करने की घटना या वर्चस्व का विवाद?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना होटल संचालक के पुत्र हनी सिंह से जुड़ी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे और ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद हनी सिंह सीधे देव होटल पहुंचे, जहां फायरिंग की घटना हुई। पुलिस इस पूरे मामले को वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर भी जांच कर रही है।

पांच लाइसेंसी हथियार जब्त, फोरेंसिक जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस ने पांच लाइसेंसी बंदूकें जब्त की हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई और किस दिशा में फायरिंग हुई।
पुलिस बोली– जांच के बाद होगा खुलासा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली थी, लेकिन मौके से कोई ठोस साक्ष्य बरामद नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पीछा किए जाने के मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




































