MUNGELI NEWS. थाना जरहागांव क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुई युवक की हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का सफल खुलासा किया है। बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए विवाद में बटनदार चाकू से वार कर युवक की हत्या की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने गंभीरता से विवेचना करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। मामले में थाना जरहागांव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अर्जुन साहू (20 वर्ष) निवासी ग्राम फरहदा ने 3 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो-ढाई माह पूर्व गांव के जयपाल उर्फ कल्लू साहू द्वारा उसकी बहन से बातचीत को लेकर कोमल साहू (मृतक) से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 2 फरवरी 2026 की रात करीब 10.30 बजे खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल साहू ने अर्जुन और कोमल साहू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

इसी दौरान हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अपने पास रखे बटनदार चाकू से हत्या की नीयत से हमला किया। अर्जुन साहू के पेट व हाथ की उंगली में गंभीर चोट पहुंचाई गई, जबकि कोमल साहू के पेट में चाकू मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाने पर डॉक्टरों ने कोमल साहू (19 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बाद में 25 व 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन विधिवत जप्त किए गए। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी 1. हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा जरहागांव एवं आरोपी 2. जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष), निवासी ग्राम फरहदा को 3 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 4 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सउनि लखीराम नेताम, पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।



































