MUNGELI/ BIJAPUR NEWS. मुंगेली नगर पालिका में आज बुलडोजर कार्रवाई देखने को मिली। मुंगेली के पुराना बस स्टैंड के पास अपोलो फार्मेसी के नाम से स्थित दुकान में शासकीय जमीन में अतिक्रमण किया गया था। वहीं बीजापुर जिले में शुक्रवार को प्रशासन ने नया बस स्टैंड के पीछे बने अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 75 मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

अतिक्रमण हटाने के लिए मुंगेली नगर पालिका की ओर से प्रतिष्ठान संचालक को पहले नोटिस जारी किया गया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए आज राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। शुरू में काफी विरोध भी देखने को मिला। जिसके बाद प्रशासन की सख्ती के बाद अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

बीजापुर में करीब 75 मकान ध्वस्त
इधर एक अन्य कार्रवाई में बीजापुर जिले में शुक्रवार को प्रशासन ने नया बस स्टैंड के पीछे बने अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 75 मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार शासकीय भूमि पर बने इन मकानों को हटाने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौजूद रहा।

वहीं इस कार्रवाई को लेकर प्रभावित ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें किसी प्रकार की पूर्व सूचना या नोटिस नहीं दिया गया और अचानक उनके घर तोड़ दिए गए। इससे कई परिवार बेघर हो गए हैं। ग्रामीणों ने ठंड के मौसम में बच्चों और महिलाओं के साथ खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी बताते हुए प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास की मांग की है। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। 30 से ज्यादा मकान शासकीय कर्मचारियों का है, जिसके साथ साथ ग्रामीण जो मजदूरी कर रहे वें भी पिस गये हैं।





































