BILASPUR NEWS. शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल छत्तीसगढ़ भवन में ठहरे हुए थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ भवन में राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की भी मौजूदगी रही। राजनीतिक गलियारों में उस समय हलचल तेज हो गई जब राजेश अग्रवाल को सिंहदेव के वहां होने की जानकारी मिली। बताया जाता है कि राजेश अग्रवाल पूर्व में टी.एस. सिंहदेव के करीबी सहयोगी रह चुके हैं।

राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद दोनों अलग-अलग खेमों में जरूर दिखाई दिए, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों की झलक इस मुलाकात में साफ नजर आई। जानकारी मिलते ही पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल स्वयं टी.एस. सिंहदेव से मिलने उनके पास पहुंचे और उनसे आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी उनके साथ मौजूद रहे।

दोनों वरिष्ठ नेताओं की यह मुलाकात भले ही शिष्टाचार भेंट बताई जा रही हो, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। एक ही स्थान पर दोनों नेताओं की मौजूदगी और आत्मीय मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है। आने वाले समय में इस मुलाकात का क्या राजनीतिक असर होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यही दोनों ने नेता अंबिकापुर विधानसभा में आमने—सामने थे, जिसके कारण यह मुलाकात काफी रोचक मानी जा रही है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन और धार्मिक स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए सरकार सुनियोजित रणनीति पर काम कर रही है। वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इसके बाद बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग में पर्यटन विकास को लेकर नई दिशा में काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस तरह से सिरपुर, भोरमदेव और बस्तर क्षेत्र में पर्यटन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, उसी तर्ज पर आने वाले समय में बिलासपुर के रतनपुर को भी एक पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।
beltara mla sushant shukla, bilaspur news, BJP, Chhattisgarh News, Congress, Minister Rajesh Agrawal, sparking political debates, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, TS Singh Deo, two leaders faced off, छत्तीसगढ़ भवन bilaspur, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव




































