भिलाई। शहर में एक बार फिर से पोटली गैंग सक्रिय हो गया है। बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाला यह गैंग पहले अपने आप को पुलिस कर्मी बताता है और रास्ते में चल रही बुजुर्ग महिलाओं को अपना शिकार बनाते हैं। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में ताजा मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला के सोने के कंगन व सोने की चेन लेकर बदमाश फरार हो गए।
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पदुम नगर का है। पंडरी काली माता वार्ड रायपुर की रहने वाली सावित्री शर्मा (62) 4 फरवरी को पदुम नगर भिलाई तीन में रहने वाले अपने बेटे जय कुमार शर्मा के घर आई थी। 6 फरवरी को अपने पोते अर्श शर्मा के साथ पास के शिव मंदिर गई। शिव मंदिर से लौटते समय दो अज्ञात युवक मोटर साइकिल से पहुंचे और बुजुर्ग महिला से ठगी की। घर पहुंचने पर महिला को इसका पता चला।
इसके बाद बुजुर्ग महिला ने इस मामले की शिकायत पुरानी भिलाई तीन थाने पहुंचकर कराई। पुरानी भिलाई पुलिस के मातबिक महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 फरवरी दोपह 12:30 बजे शिवमंदर पदुम नगर से लौटते समय दो युवक मोटर साइकिल से पहुंचे। दोनों युवकों ने अपने आप को पुलिस कर्मी बताया। दोनों से कहा कि क्षेत्र में लूट व डकैती बढ़ गई है इसलिए दो दिन तक सोने के गहने पहन कर बाहर नहीं निकलना है।
यह सुनकर महिला सकते में आ गई। इसके बाद दोनों युवको ने महिला के दोनों कंगन व गले की चेन उतरवाया। एक कागज की पोटली में कंगन व चेन डालकर बुजुर्ग महिला को दे दिया। दोनों ने कहा कि कंगन व चेन पोटली रखकर घर लेकर जाओ। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। बुजुर्ग महिला जब घर पहुंची और पोटली खोली तो उसमें नकली कंगन थे। तब महिला को अहसास हुआ कि वह ठगी गई हैं।
पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। अज्ञात आरोपियों ने महिला के 5.50 तोला सोने के जेवर ठगे हैं जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 65 हजार रुपए है। शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसी टीवी फुटेज देखे जा रहे हैं ताकि संदिग्धों का पता चल सके।