RAIPUR NEWS. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के सामने एक बार फिर से छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंतर्कलह खुलकर सामने आई। भाजपा ने एक बार फिर से इसको लेकर तंज कसा है। जिसमें कहा गया है कि आपस में एक दूसरे पर जूतम पैजार करने वाले को जनता क्या जनादेश देगी? इस सचिन पायलट ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी से कार्यकर्ताओं और जनता को काफी उम्मीदें होती है। परिवार में हर किसी को उम्मीद रहती है हर किसी की उम्मीद पूरी नहीं होती तो ऐसा होता है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए हुए थे। अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान वे धमतरी कांकेर और केशकाल में कुछ देर के लिए रुके । इस दौरान वहां के कांग्रेसी उनके सामने ही आपस में भिड़ गए। केशकाल में बस स्टैंड में सचिन पायलट के स्वागत के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नेताम और पूर्व MLA संतराम नेता आपस में भिड़ गए। इसी तरह धमतरी में राजीव भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पायलट के सामने जमकर हंगामा किया । कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष शरद लोहाना पर महापौर का टिकट बेचने का आरोप लगाया ।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस के अंतर्कलह खुलकर सामने आई है। इसके पहले नगर निगम चुनाव का रिजल्ट आने के बाद पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने इसी तरह के गंभीर आरोप प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर भी लगाए थे। उन्होंने तो यहां तक कह दिया था कि दीपक बैज के अध्यक्ष रहते तक वे कांग्रेस भवन नहीं आएंगे।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर कसा तंज
कांग्रेस की इस स्थिति पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर कसा तंज कसते हुए कहा कि सीएम पद को लेकर छत्तीसगढ़ में झगड़ा होता था। अब कर्नाटक में जो हालात है उससे वहां की जनता त्रस्त है । कांग्रेसी नेताओं के झगड़े से पहले छत्तीसगढ़ की जनता त्रस्त रही है। जनता कभी इन्हें माफ नहीं करने वाली है।
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में शौर्य और संस्कार दोनों है। शौर्य का प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अखाड़ा खेलने की परम्परा, इसका पालन कर रहे हैं । एक परिवार के प्रति निष्ठावान शब्दों के प्रयोग का संस्कार भी है। एक दूसरे पर जूतम पैजार करे तो जनता जनादेश देगी? सौभाग्य है मेरा कि मेरे जिले के कांग्रेसी इतने संस्कारवान है।

प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने दी सफाई
इस पर सफाई देते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार है पार्टी से कार्यकर्ताओं और जनता को काफी उम्मीदें हैं परिवार में हर किसी को उम्मीद रहती है हर किसी की उम्मीद पूरी नहीं होती ऐसी स्थिति में ऐसा होता है । कांग्रेस के पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि हमारी पार्टी में लोकतंत्र है नेता और कार्यकर्ता अपनी व्यथा वरिष्ठों के सामने व्यक्त करते हैं।
कांग्रेस की स्थिति को देखकर अब यह भी आशंका जताई जा रही है कि जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद भी इस तरह की सिर फ़ुटव्ल की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसा भी माना जा रहा है कि शायद इसी वजह से सूची अब तक लटकी हुई है । अब देखना यह होगा कि ऐसी स्थिति से कांग्रेस इसे कैसे निपटेगी।




































