MAHASAMUND NEWS. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास की है। जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी।

इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास चालक एंबुलेंस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को गंभीर चोटें आई हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं, मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे सवार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस चालक खड़ी ट्रक को क्यों नहीं देख पाया, इसकी जांच की जा रही है।

































