UTTAR PRADESH NEWS. उत्तर प्रदेश में 23 अक्टूबर को होने वाले शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के मतदान को देखते हुए कासगंज और वाराणसी में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। कासगंज में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों के साथ कॉलेजों में भी अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कासगंज में शराब की दुकानों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

कासगंज में नर्सरी से 12वीं तक स्कूल बंद
कासगंज जिले में 23 अक्टूबर को शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के मतदान के मद्देनजर सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश परिषदीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसके दायरे में सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित स्कूल भी शामिल हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार की ओर से जारी निर्देश में स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिले में कॉलेजों के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।

चुनाव के चलते शराब की दुकानें भी रहेंगी बंद
विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक खंड द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को देखते हुए कासगंज में शराब की सभी दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित दुकानदारों और अनुज्ञापियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी में भी स्कूलों पर रहेगा अवकाश
वाराणसी में भी 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के कारण स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का पालन करने के लिए कहा है।



































