LALITPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के ललितपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 16 साल छोटे देवर के साथ प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद 32 वर्षीय महिला पूजा अपने दो बच्चों के साथ घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। इस घटना में महिला और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव कुएं से बाहर निकाले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना बानपुर थाना क्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव की है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला के अपने देवर के साथ प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। इसी मामले को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
16 साल छोटे देवर से प्रेम प्रसंग की बात पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पूजा की उम्र 32 वर्ष थी। सोमवार रात उसका अपने पति बालकिशन कुशवाहा के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी के दौरान मारपीट भी हुई। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

पूजा भी अपने पति और दो बच्चों के साथ कमरे में सोने चली गई, जबकि उसका बड़ा बेटा अपने दादा के पास था। रात करीब दो बजे बालकिशन की नींद खुली तो पूजा और दोनों बच्चे कमरे में नहीं मिले। उसने घर में तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों को जगाकर जानकारी दी गई।
कुएं के पास मिली चप्पलें, पानी में दिखाई दिया कपड़ा
परिजनों ने महिला और बच्चों की तलाश शुरू की। घर के पीछे स्थित कुएं के पास पहुंचने पर वहां चप्पलें पड़ी मिलीं। कुएं के पानी में महिला का कपड़ा भी दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 और बानपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। बचाव अभियान के दौरान कुएं से महिला और एक बच्चे का शव निकाला गया। तीसरे की तलाश के लिए कुएं का पानी खाली कराया गया, जिसके बाद दूसरे बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने क्या बताया?
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के अनुसार, टीकरा तिवारी गांव में बालकिशन कुशवाहा की पत्नी पूजा और उसके दो बच्चों के कुएं में मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला का अपने ही परिवार के एक देवर के साथ प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



































