RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा। स्टेडियम में मैच देखने नहीं जा पाने वाले क्रिकेट प्रेमी घर बैठे मोबाइल और टीवी पर मुकाबले का आनंद ले सकेंगे। भारतीय महिला टीम की कमान अब स्मृति मंधाना के हाथों में है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में बतौर खिलाड़ी शामिल हैं। स्मृति मंधाना की पूर्णकालिक कप्तानी में यह भारतीय टीम की पहली सीरीज है। दोनों टीमों के बीच तीन टी20 मुकाबले रायपुर में खेले जाएंगे। इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज वडोदरा में होगी।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम में नेतृत्व का बदलाव इस सीरीज का प्रमुख आकर्षण है। हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना को टीम की पूर्णकालिक कप्तान बनाया गया है। शैफाली वर्मा उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। टीम में हरमनप्रीत कौर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए आगामी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला शुक्रवार शाम 7 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस शाम 6:30 बजे निर्धारित है।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी
मैच: भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला, पहला टी20
तारीख: 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार
समय: शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार)
टॉस: शाम 6:30 बजे
स्टेडियम: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट
टीवी प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। तीनों मुकाबलों की मेजबानी रायपुर करेगा।
तारीख मुकाबला समय स्थान
16 अक्टूबर 2026 पहला टी20 शाम 7 बजे रायपुर
18 अक्टूबर 2026 दूसरा टी20 शाम 7 बजे रायपुर
20 अक्टूबर 2026 तीसरा टी20 शाम 7 बजे रायपुर
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन वनडे मैच भी खेलेंगी। वनडे मुकाबले 23, 25 और 28 अक्टूबर को वडोदरा में आयोजित होंगे।

भारत की महिला टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा (उपकप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणानी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि।
जिम्बाब्वे की महिला टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), केलिस नधलोवु, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, चिएद्जा धुरुरू, न्याशा ग्वानजुरा, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, शार्ने मेयर्स, लोरिन फिरी, फ्रांसिस्का चिपारे, कुडजई चिगोरा, नोमवेलो सिबांडा, ओलिन्दर चारे, मिशेल मावुंगा, बिलवेड बिजा और तेंडाई मकुशा।

































