DURG NEWS. दुर्ग जिले के पाटन में सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पाटन पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने राजस्थान के अलवर निवासी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सराफा व्यापारी का भरोसा जीतने के लिए पहले असली सोना गिरवी रखा और उसके बाद नकली सोने की पत्तियां देकर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के सदस्य दुर्ग के अलावा बालोद और बेमेतरा जिले के सराफा व्यापारियों को भी अपना निशाना बनाने की तैयारी में थे। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पहले असली सोना गिरवी रखकर जीता भरोसा
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, आरोपी ठगी के लिए पहले व्यापारी का विश्वास जीतते थे। इसके लिए वे असली सोने की कोई वस्तु गिरवी रखते और समय पर उसके पैसे वापस कर देते थे। इससे व्यापारी को आरोपियों पर भरोसा हो जाता था। पाटन में भी आरोपियों ने इसी तरीके का इस्तेमाल किया। गिरोह ने पहले नकली सोने की एक पत्ती को गिरवी रखकर उसके पैसे चुका दिए, जिससे व्यापारी को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद दो आरोपी दोबारा व्यापारी के पास पहुंचे और 18 सोने की पत्तियों को असली सोना बताकर 15 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा दुकान से सोने और चांदी के अन्य सामान भी उधारी में ले गए।
जांच में 90 फीसदी निकली दूसरी धातु
व्यापारी ने जब इन सोने की पत्तियों की जांच कराई तो पूरा मामला सामने आ गया। जांच में पता चला कि पत्तियों में करीब 90 फीसदी दूसरी धातु थी। इसके बाद व्यापारी ने पाटन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
बालोद में 25 लाख की ठगी से पहले पकड़े गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव और रायपुर के ग्रामीण व कस्बाई इलाकों के सराफा व्यापारियों और ज्वेलर्स एसोसिएशन को गिरोह के बारे में जानकारी दी। इसी दौरान बालोद के अर्जुंदा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति नकली सोना गिरवी रखकर 25 लाख रुपये लेने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पाटन में की गई ठगी समेत गिरोह के पूरे तरीके का खुलासा कर दिया।
राजनांदगांव में किराए के मकान में रहते थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य राजनांदगांव में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस जब आरोपियों को पकड़ने वहां पहुंची तो दो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार आरोपियों का पीछा किया। दोनों को नागपुर रेलवे स्टेशन से RPF की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरोह में दो महिलाएं भी शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी आरोपी राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कई सराफा व्यापारियों को निशाना बनाने की तैयारी में थे।





































