JAIPUR NEWS. सवाई मानसिंह चिकित्सालय में नर्सेज की लंबित समस्याओं को लेकर एक बार फिर आक्रोश सामने आया है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के बैनर तले नर्सेज ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। नर्सेज ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए समस्याओं के समाधान के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर गेट मीटिंग कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह चौधरी के नेतृत्व में नर्सेज के प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता की। इस दौरान नर्सेज ने दो साल से लंबित वर्दी भत्ते का भुगतान नहीं होने सहित कई मुद्दे उठाए।
जर्जर हॉस्टल को लेकर भी सवाल
नर्सेज ने महिला नर्सिंग स्टूडेंट्स हॉस्टल और महिला स्टाफ हॉस्टल की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया। एसोसिएशन का आरोप है कि मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और इन हॉस्टलों को रेजिडेंट चिकित्सकों के हॉस्टल में बदलने की साजिश की जा रही है।

पंखा गिरने की घटना पर भी जताई नाराजगी
नर्सेज ने चरक भवन के एक वार्ड में मरीज के परिजन पर पंखा गिरने की घटना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खराब गुणवत्ता के पंखे की खरीद के लिए जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई करने के बजाय नर्सिंग अधीक्षक का स्थानांतरण किया गया। इसे लेकर नर्सेज ने प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।

तीन महीने से वेतन का इंतजार
नव नियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स के वेतन का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के अनुसार राजमेस से नियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स को करीब तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा वार्ड, आईसीयू और ओटी में चेंजिंग रूम, स्टोर रूम सहित अन्य सुविधाओं में नर्सेज के साथ भेदभाव, वार्डों में कंप्यूटर ऑपरेटर नहीं होने जैसी समस्याएं भी बताई गईं।

कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मनोज दुब्बी ने कहा कि वार्ता के दौरान प्रशासन की कथित भेदभावपूर्ण नीति का विरोध किया गया। उन्होंने बताया कि नर्सेज की सभी प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन को सात दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में समाधान नहीं होने पर गेट मीटिंग के बाद आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी, सक्रिय नर्सिंग ऑफिसर्स और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स शामिल रहे।



































