RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने श्रम क्षेत्र में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पुरस्कार के लिए ऐसे श्रमिकों और संस्थाओं को पात्र माना जाएगा, जिन्होंने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच श्रम के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया हो। पुरस्कार में चयनित श्रमिक या संस्था को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

चयन में विशेष रूप से कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए किए गए प्रभावी उपायों को महत्व दिया जाएगा। ऐसे कार्यस्थल, जहां पूरे वर्ष कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू किया गया, उनके प्रयासों को प्राथमिकता मिल सकती है। इसके अलावा सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार, सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने और श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्य भी पुरस्कार के लिए महत्वपूर्ण आधार होंगे। ऐसे प्रयास भी विचारणीय होंगे, जिनसे श्रम जगत में छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित हुआ हो।

इच्छुक श्रमिक और संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in/alankaran.aspx के माध्यम से किया जा सकता है। पुरस्कार के नियम, पात्रता, चयन प्रक्रिया और आवेदन प्रपत्र भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

श्रम यशस्वी पुरस्कार के जरिए कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों, श्रमिक स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को पहचान देने का प्रयास किया गया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रमिकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने वाले प्रयासों को सार्वजनिक सम्मान मिलेगा।







































