RAIPUR NEWS. श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में आवेदन करने का एक और मौका दिया गया है। श्रम विभाग ने योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 12 जुलाई कर दी है। इससे पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित थी। विभाग के अनुसार, बड़ी संख्या में प्राप्त हो रहे आवेदनों को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

इस योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक शुल्क, गणवेश, पुस्तकें, कॉपियां, छात्रावास, भोजन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च मंडल वहन करेगा।

योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्होंने कक्षा 5वीं उत्तीर्ण कर ली है। इच्छुक अभ्यर्थी shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी लोक सेवा केंद्र (CSC) और चॉइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

इस योजना का लाभ उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने कक्षा 5वीं उत्तीर्ण कर ली है और जिनके अभिभावक पात्र श्रमिक श्रेणी में आते हैं। चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाती है। आवेदन और पात्रता से जुड़ी अधिक जानकारी जिला श्रम कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।




































