SAGAR NEWS. मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से बड़ी जनहानि की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 9 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

घटना बण्डा इलाके की बताई जा रही है और मामला बीती रात का बताया जा रहा है। शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की टीम प्रभावित गांवों और अस्पतालों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि हो सकेगी।

कई लोगों का अस्पताल में इलाज जारी
जहरीली शराब पीने के बाद बीमार हुए अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है कि शराब कहां से आई और इसे पीने के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत क्यों बिगड़ी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही जहरीली शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।




































