RAIPUR NEWS. खरीफ सीजन में किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक की उपलब्धता में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए कृषि विभाग ने रायपुर जिले में जांच अभियान चलाया। संयुक्त जांच दल के निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि नौ प्रतिष्ठानों पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया। तीन गोदाम सील किए गए और एक प्रतिष्ठान को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है।

जांच के दौरान पुलकित बायोफर्टिलाइजर, हरियाणा में बिना अनुमति उर्वरक का कारोबार और रविंद्र कुमार मित्तल के यहां बिना अनुमति बीज-उर्वरक का कारोबार पाया गया। दोनों मामलों में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई। उरकुरा स्थित एकॉन क्रॉप साइंसेस में बिना अनुमति जैव उत्प्रेरक का भंडारण और कीटनाशक गोदाम में अनियमितता मिली।

इसी क्षेत्र के एमिरॉन ओवरसीस में बिना अनुमति उर्वरक का भंडारण तथा डेक्सीस एग्रो सोल्यूशन में कीटनाशकों की पैकेजिंग और भंडारण में नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में रवेली के भास्कर कृषि केन्द्र में एक्सपायरी कीटनाशक मिले, जबकि अभनपुर कृषि केन्द्र में जरूरी प्रमाणपत्रों का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। भनपुरी के सोपन एग्री केयर में भी बिना अनुमति जैव उत्प्रेरक का भंडारण पाया गया।

इसके अलावा उरकुरा में कृषि सामग्री के भंडारण में गड़बड़ी मिलने पर तीन गोदाम सील किए गए। वहीं, जांच में सहयोग नहीं करने पर रायपुरा के दो विक्रय केंद्रों को भी सील किया गया। कृषि विभाग ने कहा है कि संबंधित प्रतिष्ठानों से जवाब मिलने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







































